रांचीः भाजपा के संकल्प अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी सह लोकसभा के मुख्य सचेतक डॉ संजय जायसवाल ने कहा है कि देश को एक युग के बाद ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिनकी करिश्माई छवि एवं सेवा भाव का कायल न सिर्फ भारत के 140 करोड़ लोग हैं, बल्कि पूरी दुनिया है.
रांची स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोली की कार्यशाला में उन्होंने ये बाते कही.
राष्ट्रीय प्रभारी संजय जायसवाल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में) में राष्ट्र सेवा, सुशासन और समर्पण भाव के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने अभियान की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक बैठक में स्पष्ट किया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को अपने घर के अभिभावक के रूप में भव्य रुप से मनाना है.
जनसेवा महापर्व के तौर पर
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में एक महीने तक यह अभियान जनसेवा के महापर्व के रूप में चलाया जाएगा. उन्होंने सेवा समर्पण अभियान की प्रदेश टोली को भौतिक एवम वर्चुअल माध्यमों से संवाद करते हुए निर्देश दिया कि अभियान की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों को इस तरह अमलीजामा पहनाया जाए ताकि तमाम सेवा कार्यों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके.
अभियान का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के सेवा कार्यों, जन कल्याणकारी उपलब्धियों को उजागर करना और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है. इस अभियान के अंतर्गत देश भर में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसी विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता की सहभागिता सुनिश्चित करना है.

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम काम करते हैं, यह हम सबों के लिए गौरव की बात है। उनके द्वारा लागू की गई योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाने में हमसब को भी राज्य की जनता का सेवा करने का मौका मिला है, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सिर्फ एक समारोह बनकर न रहे, बल्कि सेवा संकल्प के इस अभियान को गांव गांव तक ले जाना ही लक्ष्य हो.
13 कार्यक्रमों का खाका
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने एक माह तक चलने वाली 13 कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी.
उन्होंने 13 कार्यक्रमों के लिए 12 प्रकार की टोली बनाने तथा उसके संयोजकों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के दिन 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया पूरे प्रदेश में 7 बजे शाम को एक साथ गांव के मंदिरों में, संस्थानों में, कार्यालयों में प्रजवल्लित किया जाएगा.
सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह में देश के लगभग 25 करोड़ परिवार तक पहुँचने का लक्ष्य है. केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी के घर तक दस्तक देना है.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया. जबकि बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, नंद जी प्रसाद, राहुल अवस्थी, आरती सिंह, विकास प्रीतम, सीमा शर्मा, अमित कुमार, शशांक राज, अर्जुन सिंह, लवली गुप्ता, रमेश सिंह, बबन गुप्ता, वरुण साहू,धीरज महतो आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
