कोडरमा: कोडरमा से बीजेपी की विधायक डॉ. नीरा यादव के वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
साथ ही हत्या में प्रयुक्त किए गए कुदाल को भी बरामद कर लिया है.
कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया है कि आठ सालों से चल रहे जमीन विवाद में राजकुमार यादव की हत्या की गई थी.
घटना को लेकर 12 लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी. फिलहाल पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इधर, कोडरमा थाना प्रभारी पर लापरवाही के आरोपों का जवाब देते हुए एसपी ने कहा कि डीएसपी स्तर से मामले की जांच कराई जा रही है. मामले में अगर किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई जाती है, तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी.
परिवार पर हमला, पिता, बेटी भी घायल
राजकुमार यादव कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव के रहने वाले थे. तीन जून की रात ड्राइवर राजकुमार यादव की मां का दूसरे पक्ष के लोगों के साथ विवाद हुआ. विवाद की सूचना पर राजकुमार यादव भी गांव पहुंचे.
जिसमें दूसरे पक्ष के लोगों से रामकुमार यादव की तीखी नोंकझोंंक और मारपीट हुई. इसकी सूचना मिलने के बाद विधायक नीरा यादव ने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन भी किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. जबकि इस हमले में राजकुमार यादव की मौत हो गई.
इस घटना में राजकुमार यादव की बेटी सोनिका कुमारी तथा पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनका इलाज चल रहा है.
विधायक ने आरोप लगाया था कि इस मामले को लेकर पुलिस पहले से मिल रही शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती.
