तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे का दौर थमता नहीं दिख रहा.
पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने गुरुवार को राज्यसभा चेयरमैन को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया.
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी छोड़ी है या नहीं.
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को सौंपे गए अपने पत्र में बड़ाईक ने लिखा है, ”मेरे इस्तीफ़े को तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए.”
साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान समर्थन के लिए सभापति और राज्यसभा सचिवालय का आभार भी व्यक्त किया है.
आदिवासी समुदाय से आने वाले बड़ाईक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “पश्चिम बंगाल के लोगों ने जिस तरह की राय दी है, उसको देखते हुए आज मैंने भी अपना इस्तीफ़ा दे दिया है.”
बीजेपी में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”यह समय बताएगा.”
प्रकाश चिक बड़ाईक को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था.
वह संसद की उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी संसद की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे. साथ ही वह जनजातीय मामलों की सलाहकार समिति के सदस्य भी थे.
अगर प्रकाश चिक बड़ाईक का इस्तीफ़ा स्वीकार हो जाता है तो टीएमसी के राज्यसभा सांसदों की संख्या पांच रह जाएगी.
इससे पहले टीएमसी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव ने राज्यसभा से इस्तीफ़ा दिया था. उनका इस्तीफ़ा पहले ही मंज़ूर हो चुका है. ये दोनों पार्टी से भी इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
