तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए 120 विधायकों के समर्थन का दावा के साथ टीवीके प्रमुख विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से व्यक्तिगत रूप से मुलाक़ात की है.
राज्यपाल से मुलाक़ात के दौरान विजय ने वीसीके और आईयूएमएल पार्टियों का समर्थन पत्र पेश किया.
इसके साथ ही विजय ने बहुमत के आधार पर सरकार बनाने का दावा किया है.
इससे पहले शाम में तमिलनाडु में कांग्रेस, सीपीआई और सीपीएम के बाद वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी टीवीके को समर्थन देने का एलान किया था.
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, चूंकि विजय, जिन्होंने दो सीटें जीती हैं, उनको एक सीट से इस्तीफ़ा देना होगा, इसलिए टीवीके की संख्या 107 रह जाएगी.
उस समय सदन की संख्या घटकर 233 हो जाएगी, इसलिए बहुमत के लिए 117 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी.
कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं, वहीं सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल ने दो-दो सीटें जीती हैं. इस तरह से अब टीवीके के साथ 121 सीटों का आंकड़ा हो चुका है जो बहुमत के लिए ज़रूरी आंकड़े से ज़्यादा है.
वीसीके का भी समर्थन
वीसीके के नेता थॉल थिरुमावलवन ने टीवीके के नेता अधव अर्जुन को पार्टी का समर्थन पत्र दिया है. वहीं आईयूएमएल ने भी टीवीके को समर्थन पत्र दिया है.
वीसीके से समर्थन पत्र मिलने के बाद अधव अर्जुन ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस, वामपंथी दलों और वीसीके को धन्यवाद दिया है.
शुक्रवार को टीवीके चीफ़ विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाक़ात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया था. विजय की राज्यपाल से यह तीसरी मुलाक़ात थी.
राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद, टीवीके नेता विजय ने व्यक्तिगत रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यालयों का दौरा किया था और पार्टी नेताओं से मुलाक़ात की थी.
