रांचीः झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बिना एनओसी लिए तथा निर्धारित शर्तों को पूरा किए बगैर संचालित फार्मेसी संस्थानों की जांच का आदेश दिया है.
उन्होंने विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह को विशेष टीम गठित कर गहन जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा है.
मंत्री ने स्पष्ट रूप से पूछा है कि आखिर किन परिस्थितियों में बिना मानकों को पूरा किए इन संस्थानों के संचालन की अनुमति दी गई है. साथ ही आवश्यक आधारभूत संरचनाओं, प्रयोगशाला, शिक्षकों की उपलब्धता के बिना ये संस्थान कैसे चल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल संस्थानों तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की गुणवत्ता से सीधा जुड़ा हुआ है.
मंत्री ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत, नियमों की अनदेखी या भ्रष्टाचार सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेडिकल एवं फार्मेसी शिक्षा को बढ़ावा देने के पक्ष में है, लेकिन गुणवत्ता और नियमों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. जो संस्थान सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आवेदन करेंगे, उनके मामलों पर सकारात्मक एवं त्वरित विचार किया जाएगा.
