बोकारो: झारखंड के बोकारो में डीवीसी चंद्रपुरा स्थित आवासीय कॉलोनी में एक बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस हमले में दंपती के बेटे रोहित सिन्हा की हालत गंभीर बनी हुई है. उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है, जहां आईसीयू में इलाज चल रहा है.
यह घटना गुरुवार की रात करीब नौ बजे की है. पश्चिम पल्ली स्थित एक घर में घुसकर रिटायरकर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी पर हमलावरों ने कई गोलियां दाग दी. मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया.
इस हत्या के बाद पूरे आवासीय कॉलोनी में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त नहीं करती है. अपराधी पूरी तरह बेखौफ हैं.
एसडीपीओ रवींद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. फॉरेंसिक टीम ने भी घर के अंदर और बाहर विभिन्न बिंदुओं की जांच कर साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से भी जानकारी जुटाने की कोशिशें की है.
एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मृतक का नाम नरेश सिन्हा है जिनकी उम्र करीब 65 वर्ष है. अज्ञात हत्यारे ने घर में घुसते ही नरेश सिन्हा सहित उनकी पत्नी तथा पुत्र को गोली मार दी. जिससे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. उनके पुत्र रोहित को गंभीरावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जांच और साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाया जायेगा.
जानकारी के मुताबिक मृतक नरेश सिन्हा मूल रूप से बोधगया के रहने वाले थे. वे करीब 35 वर्षों से चंद्रपुरा में रह रहे थे. चंद्रपुरा प्लांट में एक कंपनी में रिगर के पद पर वर्ष 2017 तक कार्यरत रहे थे.
नरेश सिन्हा के एक बेटा और एक बेटी बाहर रहते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों चंद्रपुरा पहुंच रहे हैं.
