गिरिडीह. झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह से जेएमएम के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादश कार्यक्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सोनू के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के मजबूत स्तंभ थे और संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपनी जिम्मेदारियों का प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया. उनके निधन से जो खालीपन आया है उसे भरना आसान नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू से उनका लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था. उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है.
द्वादश कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समेत पहुंचे मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के परिजनों से मुलाकात की. सभी ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही.
कल्पना समेत कई मंत्री, विधायक भी पहुंचे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी पत्नी और गांडेय से जेएमएम की विधायक कल्पना सोरेन भी श्रद्धांजलि देने पहुंची हैं.
मुख्यमंत्री का आगमन पहले गिरिडीह के बोडो हवाई अड्डे पर हुआ. यहां से मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक सड़क मार्ग से उत्सव उपवन पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, समर्थक, स्थानीय लोग और शुभचिंतक मौजूद रहे. सभी अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.
सभी ने हरसिंगरायडीह स्थित उनके आवास उत्सव उपवन पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.
द्वादश कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन, सांसद महुआ माजी, विधायक सुरेश पासवान, नीरा यादव समेत कई नेता भी शामिल हुए . सभी ने सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी. नेताओं ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
