रांची. राजधानी रांची में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पिस्का मोड़ के पास स्थित दो अपार्टमेंट में छापेमारी कर 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है.
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पलामू और गढ़वा जिले के रहने वाले हैं. कार्रवाई के दौरान 7,98,100 रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किये गये हैं.
कोतवाली के एएसपी निखिल राय ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र और पंडरा ओपी अंतर्गत पिस्का मोड़ के पास पराशर अपार्टमेंट तथा जतरा मैदान के समीप मालती अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट लेकर साइबर ठगी की जा रही है.
सूचना का सत्यापन करने के बाद एक विशेष टीम गठित की गयी. इस टीम का नेतृत्व वे खुद कर रहे थे. पुलिस की टीम ने दोनों अपार्टमेंट में एक साथ छापामारी कर आरोपियों को पकड़ा.
7. 98 लाख नकद 36 स्मार्टफोन और 32 एटीएम कार्ड जब्त
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 7,98,100 रुपये नकद, 36 स्मार्ट मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद किये हैं. इसके अलावा हिसाब-किताब वाली 25 नोटबुक, दो स्मार्ट स्पीकर और एक पल्सर बाइक भी जब्त की गयी है.
पलामू और गढ़वा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में पलामू निवासी रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, अमित रंजन, अविनाश कुमार, राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार और सत्यम कुमार वर्मा शामिल हैं. वहीं, गढ़वा निवासी सूरज देव कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने लोगों से अनजान फोन कॉल पर नौकरी या लोन के झांसे में नहीं आने की अपील की है. साथ ही ओटीपी, बैंक पासवर्ड और एटीएम संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है. साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है.
