बिहार में मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव को लेकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने खुला ऐलान कर दिया है कि नीरज को हराने में पूरी ताकत झोंक देंगे. अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार ने भी पलटवार किया है.
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा, “नीरज कुमार ने चारों विधानसभा चुनाव में मेरा विरोध किया. 2015 में नीरज कुमार के कारण ही मुझे निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा. वे ललन सिंह का भी विरोध करते हैं. जब जब पार्टी ने मुझे टिकट दिया तो नीरज कुमार ने कहा कि अपराधी को टिकट मिल गया है. पिछली मीटिंग में मैंने पूछा कि मेरी क्या गलती है कि बार-बार विरोध करते हैं तो कोई जवाब नहीं दिया.”
अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने ही मेरे घर में एके-47 रखवाकर फंसाया और जेल भेजवाया. पार्टी से टिकट मिलने पर भी मेरा विरोध करता रहा. इसके साथ ही अनंत सिंह ने इस मामले की जांच की मांग की. साथ ही कहा कि पार्टी नेताओं को बुलाया जाना चाहिए और जरूरत पड़े तो नार्को टेस्ट भी कराया जाना चाहिए.
पार्टी का खिलाफत नहीं
अनंत कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि वे जदयू के खिलाफ कोई काम नहीं कर रहे हैं क्योंकि विधान परिषद का चुनाव पार्टी के सिंबल पर नहीं होता है. यह पार्टी का चुनाव नहीं है. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में वे नीरज कुमार को हराने का काम करेंगे.
आरोपों पर नीरज कुमार का पलटवार
इन आरोपों पर एमएलसी नीरज कुमार की भी प्नतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा, “बहुत लोग हमारे ऊपर आरोप लगा रहे हैं. अरे हम तो अपराधियों के लिए कहर हैं. गंगा में घुस कर भी कोई कहेगा तो लोग नहीं मानेंगे. साथ ही एके 47 रखवाने के सवाल पर कहा, अगर उनके पास प्रमाण है तो कोर्ट जाएं. कोर्ट जाने में क्या दिक्कत है. अनंत सिंह अनर्गल आरोप लगाते हैं.”
इस दौरान नार्कों टेस्ट के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा, इसके लिए कोर्ट जाएं और हिम्मत है तो आवेदन दें. मेरा जीवन पारदर्शी है. मैंने अपने जीवन में ऐसे घिनौने काम नहीं किए हैं. इस दौरान नीरज कुमार ने एमएलसी चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा, यह तो पार्टी तय करेगी.
कार्यकर्ताओं के बल पर जीतेंगे
चुनाव में नहीं जीतने देने के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा, “हम अपने कार्यकर्ता के बल पर जीतेंगे. मेरे पास धनबल और बाहुबल थोड़ी न है. हम नीतीश कुमार के साथ बचपन से रहे हैं. कितने लोग पार्टी बदलते रहे. हम कही नहीं गए. हम ये अनगर्ल आरोप बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
