देवघरः झारखंड में गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि राज्य में माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन एक्ट (एमएमडीआर) का सत्तारूढ़ दल जेएमएम और कांग्रेस सिर्फ इसलिए विरोध कर रही कि इनकी चोरी-चकारी रूक जाएगी.
एमएमडीआर के खिलाफ राज्य में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “क्या झारखंड ही कोयले का एकमात्र उत्पादक है. क्या ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल या कर्नाटक में कोयला नहीं है.. तो क्या ये सभी राज्य समृद्ध हैं और केवल झारखंड के साथ ही अन्याय हो रहा है? एमएमडीआर एक्ट इन लोगों की गलत नीतियों की वजह से होने वाली चोरी को रोकने के लिए लाया गया था.”
समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री चाहते हैं कि झारखंड का कोयला भी ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बंगाल के कोयले की तरह ही बेचा जाए. यह सब रिश्वत और विरोध का खेल है.. उन्होंने (जेएमएम) हर ब्लॉक हेडक्वार्टर पर हंगामा किया और कई जगहों पर मेरे पुतले भी जलाए. मैं असल में हेमंत सोरेन को धन्यवाद देना चाहता हूँ; काश वे यहाँ कोयले का प्रोडक्शन पूरी तरह से रोक देते—फिर वे रांची में अपने घर से बाहर भी नहीं निकल पाते. आखिर, झारखंड सरकार के पास अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीज़ल डलवाने के लिए भी पैसे नहीं होते—फिर भी वे ऐसे हालात बना रहे हैं.. देश के रिसोर्स पर सबका हक है, और जेएमएम की यह छोटी, सस्ती पॉलिटिक्स काम नहीं करेगी.”
