चतराः झारखंड के चतरा जिला मुख्यालय में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आवास के सामने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना में एक प्राइवेट गार्ड की मौत हो गई है. इस घटना में दूसरे प्राइवेट गार्ड को गिरफ्तार किया गया है.
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है.उन्होंने बताया कि गाड़ी में मौजूद बिहार पुलिस के एक अन्य जवान सत्येंद्र कुमार को भी हिरासत में लिया गया है. वहीं, चतरा मे बाइपास रोड का निर्माण करा रहे बिहार के गयाजी निवासी ठेकेदार विनित यादव उर्फ रॉकी और उसके चालक प्रसाद यादव को भी हिरासत में रखा गया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.
डीएसपी ने बताया कि आरोपी बलबीर सिंह ने बताया कि अतुल बार-बार उससे खैनी मांग रहा था. जिसके बाद गुस्से में आकर उसने उस पर अपने लाइसेंसी हथियार से फायर कर दिया.
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलबीर सिंह मानसिक तौर पर अस्वस्थ है. उसका इलाज रांची के रिनपास से चल रहा है. उसकी जेब से रिनपास का पुर्जा भी मिला है. उस पर बिहार के नबीनगर में एक व्यक्ति पर गोली चलाने समेत अन्य मामले दर्ज हैं. वह तीन वर्ष तक जेल मे भी रहा है.
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है.
पुलिस बल की तैनाती
घटना स्थल के पास पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस के कई अधिकारी छानबीन में जुटे हैं. इलाके की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके.
मौके से पुलिस ने एक कार जब्त की है.
जानकारी के मुताबिक चतरा बाईपास निर्माण कार्य कराने वाली कंपनी रमिया कंस्ट्रक्शन के एमडी राकी यादव पुलिस अधीक्षक अनिमेष नाथवानी से मिलने के लिए उनके आवास पर गए हुए थे.
इसी क्रम में निजी सुरक्षा कर्मी अतुल सिंह और बलविंदर सिंह के बीच किसी बात को लेकर नौंक-झोंक होने लगी.

अफरा-तफरी मच गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मंगलवार दिन में एसपी आवास के सामने हुई, जहां अचानक गोली चलने की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई.
एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया.
अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हासिल किए हैं, ताकि घटना के हर पहलू की पुष्टि की जा सके.
घटनास्थल के समीप खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त वाहन की भी जांच की जा रही है और उसके मालिक तथा घटना से उसके संभावित संबंधों की पड़ताल की जाएगी.
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है. फिलहाल मृतक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इस वारदात को लेकर विस्तृत ब्योरे का इंतजार है.
