रांचीः एक्स्ट्रीम बार के डीजे संचालक संदीप प्रमाणिक हत्याकांड मामले में मुख्य अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 लोगों को 9-9 साल की सजा सुनाई गई है. साथ ही 50-50 हजार का जुर्माना लगाया गया है.
अपर न्याययुक्त शैलेन्द्र कुमार की कोर्ट ने यह सजा सुनाई है. सोमवार को इस मामले में अदालत ने अभियुक्तों को दोषी करार दिया था.
मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह के अलावा अदालत ने अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शमरूद्दीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार,दिवाकर उपाध्याय, अलोक दीवा,पंकज कुमार और सुमित कुमार को यह सजा सुनाई है.
गोली मारकर की थी हत्या
हत्या की यह वारदात 26 मई 2024 की देर रात घटी थी. रात में बार बंद होने के समय 4-5 युवक वहां पहुंचे और उनकी बार स्टाफ से विवाद और मारपीट हो गई.
मारपीट का बदला लेने के लिए मुख्य अभियुक्त अभिषेक सिंह सेल सिटी स्थित अपने किराए के मकान में गया और वहां से राइफल लेकर दोबारा बार पहुंचा.
उसने बार के भीतर घुसकर डीजे संदीप प्रमाणिक की छाती में गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
