रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को देर शाम विधानसभा के मेन गेट से खदेड़ा गया.
इससे पहले प्रदर्शनकारी पुलिस की सभी बैरिकेड तोड़ते हुए विधानसभा के मेन गेट तक पहुंच गए थे. पुलिस ने उन्हें विधानसभा से हटाने के लिए लाठियां चलाई. काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
बल प्रयोग से गुस्साये छात्रों ने आंदोलन और तेज करने की घोषणा की है. छात्रों के प्रतिनिधि रविंद्र पासवान ने कहा है कि अब छात्रों की मांगों पर सीधे सीएम से बातें होंगी. वे लाठीचार्ज से गुस्से में दिखे.
अब छात्रों ने वापस से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटना शुरू कर दिया है. शाम में रांची रेलवे स्टेशन पर भी छात्रों की काफी भीड़ रही. ये वो छात्र हैं, जो दूसरे जिलों से प्रदर्शन के लिए रांची आए थे.
इससे पहले प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन छोड़ा. वे पीछे नहीं हटे. लगभग आघे दर्जन बैरिकैड तोड़ते हुए वे आगे बढ़ते रहे.
इसके बाद पुलिस छात्रों की बड़ी समूह को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.
प्रदर्शनकारी छात्रा बेहोश
झारखंड विधानसभा के बाहर एक प्रदर्शनकारी छात्रा को पुलिस खींचकर उठा रही थी और उसी दौरान वह बेहोश हो गई. वह बार-बार ‘वी वांट जस्टिस’ का नारा लगा रही थी.
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “…सरकार हमारे विषय पर गंभीर नहीं है, सरकार की मंशा हमारे साथ नहीं है… अब ये आंदोलन छात्र आंदोलन से जन आंदोलन की ओर कूच कर चुका है। मैं तमाम अभिभावकों से अपील करता हूं कि आप अपने बच्चों की लड़ाई में बाहर निकलें… लाठीचार्ज जो किया गया है, इस सरकार में नैतिकता नहीं है… हम लोगों का तो यह एक दिवसीय आंदोलन था. लेकिन यदि हजारों छात्र सड़कों पर हैं तो आपको बयान देना चाहिए… “
उन्होंने आगे कहा, “अब हम सीधे तौर पर मुख्यमंत्री से बात करेंगे. उनके प्रतिनिधिमंडल के पास न तो तर्क है और न ही तर्क को समझने की शक्ति है।”
रविंद्र पासवान ने कहा, “हमें भगाने का काम किया जा रहा है, हमारे साथियों को मारने का काम किया जा रहा है, ये कहां का न्याय है?…ये लोकतंत्र है और लोकतंत्र में सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी…”
उन्होंने आगे कहा, “हम अपनी मांगों पर कायम है. सरकार जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है, हम लोग आंदोलनरत रहेंगे…”
सिटी एसपी ने क्या बताया
रांची में जारी आंदोलन और सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव को लेकर सिटी एसपी ने कहा, आज यहां विधानसभा के घेराव का ऐलान किया गया था… इस प्रदर्शन के ऑर्गनाइजर भी भीड़ से अनुरोध कर रहे थे कि आप शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कीजिए लेकिन तब भी पथराव किया गया। हमारे जवान भी उसमें घायल हुए हैं… उग्र भीड़ विधानसभा के नजदीक पहुंच चुकी थी। हल्का बल प्रयोग किया गया। कुछ छात्रों को मामूली चोटे आई हैं। बहुत से छात्र लौट चुके हैं। छात्र अपने आवास स्थानों पर लौट रहे हैं… हमारे द्वारा शांतिपूर्ण ढ़ंग से लोगों को निकाला जा रहा है… ये लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन में असफल रहे हैं… हिरासत में यहां से किसी भी प्रदर्शनकारी को नहीं लिया गया है।
इससे पहले छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार और गृह सचिव वंदना डाडेल विधानसभा के गेट नंबर एक पर जायजा लेने पहुंचे. एडीजी मनोज कौशिक और रांची एसएसपी राकेश रंजन ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
