कोडरमाः झारखंड में कोडरमा जिले के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार को एक आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
कोडरमा की महिला थाना प्रभारी हेमा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज किया गया है. मामले में जांच जारी है.
पीड़िता हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है. पीड़िता का बयान भी पुलिस ने दर्ज कराया है.
सिविल सर्जन से पूछताछ और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को आरोपी सीएस को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
जानकारी के मुताबिक इलाज के सिलसिले में पीड़िता सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी. आरोप है कि इसी दौरान उसे झांसे में लेकर यौन शोषण किया गया.
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार का कोडरमा में निजी क्लिनिक भी संचालित है. बताया जाता है कि अपनी सेवा काल के दौरान लंबे समय तक वे कोडरमा व इसके आसपास के क्षेत्र में ही पदस्थापित रहे हैं.
