रांचीः रांची के रातू स्थित झखराटांड़ मुंडाटोली में हुए गोलीकांड में घायल जमीन कारोबारी राजबलम गोप उर्फ बलमा की सोमवार की सुबह मौत हो गयी.
बीते 7 सितंबर की देर शाम जमीन कारोबारी पर हुई फायरिंग में गंभीर रूप से घायल राजबलम गोप का बरियातू स्थित रामप्यारी अस्पताल में इलाज चल रहा था
इस गोलीकांड में राजबलम के मित्र रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि राजबलम गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनके जबड़े में गोली फंस गयी थी.
इस गोलाकांड में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इन आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि राजबलम गोप उर्फ बलमा को मारने के लिए मुख्य साजिशकर्ता कुणाल कुमार उर्फ बसंत यादव ने 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी. कुणाल ने ही शूटरों को बताया था कि बलमा सफेद टीशर्ट में है.
बलमा कहां पर है इसकी जानकारी मिलने के बाद शूटर उस जगह पर पहुंचे. घटना के वक्त बलमा के साथ उसका दोस्त रवि कुमार भी सफेद शर्ट पहनकर उसके साथ बैठा था. ऐसे में शूटर्स ने रवि को बलमा समझ उस पर अंधाधुंध गोलियां चलायी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. वहीं राजबल्लभ गोप उर्फ बलमा गंभीर रूप से घायल हुआ था.
