पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जदयू ने 44 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की. इससे पहले 57 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे. एनडीए में जदयू के हिस्से 101 सीटें हैं. और पार्टी ने सभी 101 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं.
जदयू की दूसरी सूची में वाल्मीकिनगर से धीरेंद्र प्रताप सिंह, गोपालपुर से बुलो मंडल, कहलगांव से शुभानंद मुकेश, करगहर से वशिष्ठ सिंह और काराकाट से महाबली सिंह और चकाई से सुमित सिंह को टिकट दिया है.
2020 का चुनाव सुमित सिंह निर्दलीय जीते थे. अभी वे बिहार सरकार में मंत्री हैं. कैबिनेट मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को सुपौल से टिकट दिया गया है.
राजद छोड़कर जदयू में शामिल हुईं पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव पत्नी व वर्तमान विधायक विभा देवी को नवादा से टिकट दिया है.
जदयू ने अपने हिस्से की 101 सीटों में से 37 पर पिछड़े और 22 पर अति पिछ़ड़े को टिकट दिया है.
जेडीयू के 101 प्रत्याशियों में चार मुस्लिम प्रत्याशी भी हैं. जबकि 22 सामान्य, 15 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशी हैं.
जेडीयू ने 13 महिलाओं को टिकट दिया है.
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 12 अक्तूबर को सीट शेयरिंग की घोषणा की थी. बताया गया था कि बीजेपी 101, जेडीयू 101 और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
हिंदुस्तान अवामी मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी के हिस्से 6-6 सीटें हैं.
बीजेपी भी तीन लिस्ट जारी कर अपने सभी 101 प्रत्याशियों के नाम का एलान कर चुकी है.
वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है.
जीतन राम मांझी ने भी छह उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं.
