रांचीः दिल्ली में हुए कार धमाका की घटना के बाद झारखंड की राजधानी रांची में चौकसी बढ़ा दी गयी है,
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में बुधवार को पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है.
एहतियातन चौकसी बढ़ाते हुए प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा रांची में डॉग स्क्वायड (श्वान दल) और बम डिटेक्शन टीम लगातार निरीक्षण कर रही हैं.
पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
यह अभियान बुधवार की शाम से शुरू हुई है. रांची पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर हैं. इस अभियान का मकसद संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
इस बीच बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और स्थानीय पुलिस मिलकर संयुक्त सुरक्षा अभियान चला रही हैं.
शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और उनके पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है.
