बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
बिहार में नीतीश कुमाक की अगुवाई वाली एनडीए की सरकार में पथ निर्माण और नगर विकास तथा आवास मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस बाबत पत्र जारी कर बताया है, “बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है.”
पत्र के अनुसार नितिन नबीन की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
नितिन नबीन बीजेपी के छत्तीसगढ़ प्रभारी भी हैं. वो बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं.
नितिन नबीन साल 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे. साल 2010 से 2025 तक वो लगातार पांच बार बांकीपुर सीट से जीतते आ रहे हैं.
बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद दिया है.
उन्होंने कहा, “यह पार्टी के कार्यकर्ताओं का परिश्रम है. मैं तो मानता हूं कि कार्यकर्ता के रूप में काम करने से पार्टी के वरिष्ठ नेता हमेशा आप पर ध्यान देते हैं. मुझे जो आशीर्वाद मिला है… हम मिलकर काम करेंगे.”
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर नितिन को बधाई दी और लिखा कि एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है.
उन्होंने लिखा, “वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है. बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है.”
मोदी ने लिखा “वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी. भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई.”
सागंठनिक क्षमता और अनुभव
माना जा रही है कि उनकी संगठन क्षमता, चुनावी रणनीति, अनुभव और समन्वय के साथ आगे बढ़ने के निरंतर प्रयासों को देखते हुए नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी दी है. पार्टी के अंदर उन्हें एक अनुशासित और विश्वसनीय चेहरा के तौर पर देखा जाता है.
