रांची– बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री के तौर पर पवन साय के नाम की घोषणा की है. पवन साय अभी छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन महामंत्री थे.
जबकि झारखंड के संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री बनाया गया है.
इनके अलावा नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के रूप में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की कमान सौंपी है. उनका मुख्य केंद्र भुवनेश्वर होगा. सौदान सिंह इन राज्यों में बीजेपी के सांगठनिक कामकाज और आपसी समन्वय की निगरानी करेंगे.
सौदान सिंह 2014 के विधानसभा चुनाव के समय झारखंड के प्रभारी थे और उनका चुनावी रणनीति में बड़ा योगदान था.
गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विभिन्न राज्यों के लिए संगठन महामंत्री के नामों की घोषणा की.
कौन हैं पवन साय
आदिवासी नेता पवन साय झारखंड की सीमा से सटे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं. लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे हैं. संघ से भाजपा में आने के बाद वे संगठन को मजबूत करने में लगातार जुटे रहे. करीब 10 वर्षों तक छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री के महत्वपूर्ण पद पर तैनात रहे. छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सत्ता में वापसी में उनकी कार्य क्षमता से नेतृत्व प्रभावित रहा है. कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रखने और विवादों से दूर रहने वाले रणनीतिकार के रूप में देखा जाता है.
