झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता मामले में सीआईडी ने और तीन अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदुडीह निवासी अजय कुमार, गिरिडीह के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा निवासी संजय कुमार और गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र के कटरियाटाड़ निवासी रामाकृष्णा कुमार सिंह शामिल हैं.
सीआईडी ने एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में दर्ज प्राथमिकी के तहत यह कार्रवाई की है.
सीआईडी के द्वारा गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में अनुचित माध्यमों का उपयोग कर अवैध लाभ प्राप्त किया था.
पिछले कई दिनों से इन सभी अभ्यर्थियों से सीआईडी के द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही थी. इसी दौरान पूछताछ के क्रम में ठोस साक्ष्य मिलने के बाद सीआईडी ने तीनों अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
इससे पहले 22 सितंबर को जांच एजेंसी ने बिहार के छपरा से एक एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था. बीते गुरुवार की शाम उसे रांची स्थित विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस मामले में अब तक सीआईडी ने कुल 36 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.
