रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के अलग- अलग इलाकों में जंगली हाथियों के हमले में लोगों के मारे जाने का सिलसिला जारी है.
शुक्रवार की अहले सुबह करमा (सुगिया) प्रोजेक्ट के पीट ऑफिस के सामने लोकनाथ मुंडा (40) को जंगली हाथी ने मार डाला.
सुगिया गांव निवासी लोकनाथ मुंडा कोयला चुनने निकले थे. वहीं दूसरी घटना रामगढ़ वन क्षेत्र में हुई है. जिसमें कुंदरू सरैया ईंट भट्ठे में काम कर रही महिला मजदूर काजल देवी (32) पर भी हाथियों ने हमला कर दिया. जिसमें महिला की मौत हो गई है.
जिले के कुजु, वेस्ट बोकारो और रामगढ़ थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड आबादी वाले इलाके में घुसते रहे हैं. पिछले दिनों वेस्ट बोकारो क्षेत्र में सीसीएल के एक सुरक्षाकर्मी अमित रजवार को एक हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला था.
स्थानीय लोगों के अनुसार झुंड में 42 हाथी हैं, जो अलग-अलग इलाके में घुसकर जान-माल के साथ-साथ घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र भेजने की कोशिशें भी नाकाम होती रही है. हफ्ते भर के दौरान हाथियों ने छह लोगों की जान ली है. गुस्साये लोगों ने सड़क जाम भी किया था. इस बीच हाथी भगाओ दल को वन विभाग ने बुलाया है.
