रांचीः झारखंड का राजधानी रांची समेत कई इलाकों में 23 सितंबर से गहरे दबाव क्षेत्र के प्रभाव के कारण हल्की से मध्यम बारिश की तीव्रता शुक्रवार को बढ़ गई. बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. भारी बारिश से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है. मौसम केंद्र रांची ने शनिवार को रांची समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
रांची में लगातार बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने केजी से लेकर 12वीं तक स्कूलों में सभी कक्षाएं स्थगित रखने के आदेश दिए हैं.
उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश जारी किया है. इसके तहत जिले में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई बंद रहेगी.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बंद रखने के आदेश का अनुपालन सभी संबंधित विद्यालयों और संस्थानों के लिए अनिवार्य है. आदेश का पालन नहीं करने वाले विद्यालय या संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत उत्तरदायी होंगे.
जिला प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

पेड़ और बिजले के खंभे उखड़े
झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को लगातार बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हुई, वहीं रांची में एक बस पर पेड़ गिर गया लेकिन उसमें सवार स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए. डोरंडा इलाके में यह घटना हुई.
राजधानी रांची में बारिश की वजह से सड़कें सुनसान नजर आईं और बहुत कम वाहन चलते दिखे। खराब मौसम के कारण बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शाम सात बजे तक तक कम से कम 12 उड़ानें रद्द कर दी गईं.
नदियां और डैम उफान पर
भारी बारिश के कारण झारखंड की बड़ी के साथ कई पठारी नदियां उफान पर हैं. डैम भी लबालब भर गए हैं. जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदी भी उफान पर है. कई डैमों के फाटक खोले जाने की सूचना है.
लगातार हो रही बारिश से जमशेदपुर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है. शहर की सड़कों से लेकर आवासीय इलाकों तक पानी जमा हो गया है.
रांची में भी कई इलाकों और सड़कों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं.
येलो अलर्ट पर कई जिले
इस बीच मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, चतरा, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, खरसांवा जिले में येलो अलर्ट जारी किया है. शनिवार 26सितंबर को भी इन इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है. तेज हवाएं भी चलेंगीं.
