पलामूः पलामू के मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल एवं सदर अस्पताल के पास चल रहे अवैध क्लीनिक तथा जांच घरों के खिलाफ उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सख्ती दिखायी है. औचक निरीक्षण में उपायुक्त ने गड़बड़ियों को पकड़ा है. इस दौरान छह क्लीनिक और जांच घरों को सील किया गया है.
उन्होंने बताया है कि निरीक्षण में नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले न्यू पम्मी हेल्थ क्लीनिक, रानी मेडिकल, पाटलिपुत्र जांच घर, जे. शरण जांच घर एवं स्कैनिंग, एमएसडी लैब तथा अपोलो डायग्नोस्टिक को सील किया गया है.
कई क्लीनिक में डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन (पर्ची) मिले हैं, पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे. कई संचालकों से उनके मोबाइल और दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. इस मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों से नियमित जांच करने को कहा गया है.
उन्होंने कहा कि क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट का उल्लंघन करने के मामले में संचालित इन क्लीनिक और जांच घरों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी जाएगी. जिला प्रशासन लोगों की समुचित चिकित्सा और जांच को लेकर गलत कार्यों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा, कुछ संस्थानों में चिकित्सक एवं जांच व्यवस्था में अनियमितता तथा बिना फार्मासिस्ट दवा दुकान संचालन की जानकारी मिली है. संबंधित अधिकारियों को व्यापक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
इसके साथ ही उन्होंने कड़े लहजे में कहा है कि स्वास्थ्य महकमा के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
