रांची: रांची नगर निगम ने हरमू नदी की साफ- सफाई का बड़ा भियान शुरू किया है. इसी हरमू नदी के सौंदर्यीकरण पर पूर्व में 85 करोड़ रुपये खर्चे किए गए हैं. इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद कुछ ही सालों में हरमू नदी बजबजाती गंदगी और नाला में तबदील है. इस सूरत-ए-हाल को बदलने के लिए नगर निगम ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया.
इस अभियान में हरमू मुक्तिधाम से कडरू रेडिसन ब्लू क्षेत्र तक 100 से अधिक सफाईकर्मियों को लगाया गया है. इसके साथ ही 20 ट्रैक्टर और कई जेसीबी मशीनों की मदद से नदी से गाद, प्लास्टिक, कचरा और अवैध रूप से फेंके गए मलबे को हटाया जा रहा है.
इस अभियान में निगम के प्रशासक सुशांत गौरव स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. प्रशासक के साथ निगम के अधिकारियों की टीम भी पहुंची थी. सुबह से ही सफाईकर्मी नदी के अलग–अलग हिस्सों में कचरा निकालने का काम करते रहे.
यहां पुल के दोनों ओर जाली लगाने की योजना बनाई गई है, ताकि लोग सीधे नदी में कचरा न फेंक सकें. इसके अलावा नदी किनारे नोटिस बोर्ड भी लगाए जाएंगे. नगर निगम एक्ट के तहत कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी. अभियान के दौरान हरमू नदी किनारे बसे लोगों को भी जागरूक किया जाएगा. जिससे कि नदी में कचरा न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखें.
नगर निगम की योजना नदी किनारे हुए अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाने, नदी में गिरने वाले नालों के गंदे पानी और कचरे पर रोक लगाने तथा बंद पड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को फिर से चालू करने की भी है.
