रांचीः झारखंड सरकार ने 31 दिसंबर 2025 को किए गए आईएएस के ट्रांसफर- पोस्टिंग में आंशिक संशोधन किया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक के रूप में छवि रंजन के पदस्थापन को रद्द करते हुए अब उन्हें स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है.
इसके साथ ही छवि रंजन कार्यपालक निदेशक, राज्य आरोग्य सोसायटी और परियोजना निदेशक, झारखंड एड्स कंट्रोल सोसायटी, रांची के अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
उधर, शशि प्रकाश झा पहले की तरह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक के पद पर बने रहेंगे. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने सोमवार को आदेश जारी कर दिया है.
संशोधित आदेश के अनुसार, सचिव वाणिज्यकर के पद पर पदस्थापित अमित कुमार को अब वित्त विभाग (संसाधन) के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
गौरतलब है कि छवि रंजन को हाल ही में निलंबन से मुक्त किया गया है. रांची में सेना की जमीन से जुडे घोटाले तथा मनीलाउंड्रिंग के मामले में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था. वे करीब दो साल तक जेल में रहे. सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे जेल से बेहर निकले.
