रांची: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से दो जनवरी को लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश कुमार और अंशिका कुमारी की तलाश में रांची पुलिस ने तफ्तीश के साथ सभी प्रयास तेज किए हैं. वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आम जनता से मदद की अपील की है. साथ ही, बच्चों के संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को दो- दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है.
पहले इनाम की राशि 50-50 हजार रुपये थी. इसे बढ़ाकर दो-दो लाख रुपये किए गए हैं. पुलिस लगातार इस बाबत अखबारों में इश्तेहार जारी कर रही है. पुलिस द्वारा जारी विवरण में बताया गया है कि अंश कुमार की पहचान पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग के हाफ पैंट से की जा सकती है. जबकि अंशिका कुमारी ने नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी है. बच्चों के पिता का नाम सुनील कुमार बताया गया है.
पुलिस ने संबंधित अधिकारियों और धुर्वा थाना के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति सीधे सूचना दे सके. रांची पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जनता के सहयोग से जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है.
रांची पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है, ‘हम पूरे राज्य में तलाशी अभियान चला रहे हैं और बिहार, ओडिशा व पश्चिम बंगाल की पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं. इसके लिए 40 पुलिसकर्मियों की एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है. हमें कुछ नए सुराग मिले हैं और जांच जारी है.’
गौरतलब है कि रांची के एसएसपी, सिटी एसपी तथा ग्रामीण एसपी अलग- अलग गठित विशेष जांच दल की कार्रवाई पर नजर रख रहे हैं. जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने अब तक करीब 5000 मोबाइल नंबरों और लगभग 2000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर चुकी है.
