रांचीः राज्य सभा के सांसद आदित्य साहू झारखंड प्रदेश बीजेपी के नये अध्यक्ष होंगे. मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने सिंगल नामांकन दाखिल किया.
उनके नाम की विधिवत घोषणा मकर संक्रांति के मौके पर 14 जनवरी को होगी.
आदित्य साहू अभी कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वे प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की जगह लेंगे. पिछले साल तीन अक्टूबर को उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी.
मंगलवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को लेकर दिन भर गहमागहमी रही. चुनाव संपन्न कराने केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव आए हैं.
आदित्य साहू ने जुएल उरांव के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत अन्य कई नेता मौजूद थे.
इससे पहले जुएल उरांव सुबह में 11 बजे नामांकन कार्य को संपन्न कराने हेतु प्रदेश कार्यालय पहुंचे. प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र,सुनीता सिंह से बात की और निर्धारित समय तक नामांकन प्राप्त किया.
राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 नामांकन
नामाकन के बाद मीडिया से बात करते हुए जुएल उरांव ने कहा कि नामांकन की समय सीमा के भीतर प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक और राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्रों के प्रस्तुतकर्ता बने.
उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को दिन के दो बजे हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिषद केलिए 21 नामांकन प्राप्त हुए है, जिननें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा ,समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं.
