पटनाः तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार, आठ मार्च को जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता लेंगे.
जेडीयू ज्वाइन करने के बाद वो बिहार की यात्रा पर निकलेंगे.
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने निशांत कुमार के पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर कहा, “कल के बारे में अभी औपचारिक सूचना नहीं आई है. इसकी जानकारी आपको दी जाएगी. आज का महत्वपूर्ण फैसला ये था कि नीतीश कुमार ने जो फैसला लिया उसका समर्थन हमारे दल के लोगों ने किया. हम नेता के साथ खड़े हैं और इसी स्थिति में विधायकों ने मांग किया कि निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में आना चाहिए. निशांत कुमार ने राजनीति में आने के लिए आश्वस्त कर दिया है. वह दल की सदस्यता ग्रहण करेंगे और प्रदेश का दौरा भी करेंगे.”
जब नीतीश बोले, मैं हूं ना..
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि राज्यसभा चुनाव लड़ने के उनके फैसले से पार्टी या राज्य में सरकार पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा. पटना में अपने आवास पर आयोजित पार्टी नेताओं की बैठक में नीतीश कुमार ने कहा, वे राज्य और राष्ट्रीय राजनीति दोनों में एक्टिव रूप से शामिल रहेंगे.
बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं से कहा, “आपको कोई दिक्कत नहीं होगी. हम बिहार में भी रहेंगे. सारा काम चलता रहेगा. चिंता न करें. हम राज्यसभा जा रहे हैं और सब कुछ देखते रहेंगे.आपकी समस्याओं का समाधान भी करते रहेंगे. ”
बैठक में भावुक माहौल को देखते हुए नीतीश कुमार ने अपने नेताओं को समझाया. उन्होंने कहा कि वे भले ही राज्यसभा जाएं, लेकिन पार्टी और सरकार से जुड़े मुद्दों पर उनका मार्गदर्शन जारी रहेगा. नीतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पार्टी के संरक्षक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. इसलिए संगठन के पूर्ण अधिकार उनके पास है. उन्होंने यह कहा है कि वे भले ही राज्यसभा जा रहे हैं. लेकिन, संगठन की जिम्मेदारी उनकी है. ऐसे में किसी को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.
बैठक के बाद सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हम आपके साथ हैं और आपके साथ रहेंगे और आपसे मिलते रहेंगे, आपकी बात सुनते रहेंगे. तथा आपकी समस्या का हल करते रहेंगे चिंता करने की जरूरत नहीं है. विधायकों के तरफ से मांग रखी गई कि निशांत कुमार को आगे आना चाहिए।”
