रांचीः झारखंड उच्च न्यायालय ने बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के खिलाफ रांची के एयरपोर्ट थाना में दर्ज एफआईआर के मामले में सीबीआइ जांच का आदेश दिया है.
प्रवर्तन निदेशालय के दो अधिकारियों की याचिका पर न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी की कोर्ट ने बुधवार को यह फैसला सुनाया है.
मामले में कोर्ट ने 24 फरवरी को सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था.
ईडी की ओर से एसजीआई एसवी राजू और अधिवक्ता एके दास और सौरभ कुमार ने पक्ष रखा, वहीं राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरीय अधिवक्ता एस नागामुथु और महाधिवक्ता राजीव रंजन और अधिवक्ता दीपांकर ने दलील पेश की थी. सूचक की ओर से सुमित गाड़ोदिया ने पक्ष रखा.
इससे पहले ईडी की ओर से अधिवक्ताओं अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामला निराधार है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है.
एयरपोर्ट थाना में दर्ज केस
यह मामला एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 05/2026 से संबंधित है, जिसमें पेयजल घोटाले के आरोपी संतोष कुमार की शिकायत पर ईडी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
इसी एफआईआर की जांच के लिए रांची पुलिस ने पिछले दिनों ईडी के दफ्तर में दबिश डाली थी. तब कोर्ट ने ईडी कार्यालय की सुरक्षा को लेकर भी अहम निर्देश दिये थे. अदालत ने केंद्र सरकार को कार्यालय की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) या अन्य अर्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. साथ ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी.
ईडी अधिकारियों ने अपनी याचिका में अदालत से अनुरोध किया था कि उनके खिलाफ दर्ज एफआइआर और आपराधिक कार्रवाई को रद्द किया जाये या मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी, जैसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ), को सौंप दी जाए. इसके अलावा इडी ने शिकायतकर्ता संतोष कुमार के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की.
घोटाले का आरोपी
ईडी के अनुसार, संतोष कुमार पर लगभग 23 करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप है, जो कथित पेयजल घोटाले से जुड़ा है.
जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ इसीआइआर दर्ज कर जांच शुरू की थी. ईडी का का कहना है कि 12 जनवरी 2026 को संतोष कुमार स्वयं ईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां पूछताछ के दौरान वे अचानक उत्तेजित हो गये और खुद को चोट पहुंचा ली.
इसके बाद उन्होंने ईडी अधिकारियों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कराया.
