पटनाः बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार को हुए मतदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत हुई है.
राजद के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह चुनाव हार गए हैं. पांचवीं सीट के लिए हुए चुनाव पर सबकी नजरें टिकी थीं. इस सीट पर रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की जीत हुई है.
जदयू से नीतीश कुमार के अलावा रामनाथ ठाकुर बीजेपी से नितिन नबीन के अलावा शिवेश कुमार एनडीए के साझा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीते हैं.
नितिन नबीन अभी बिहार विधानसभा के सदस्य हैं. लिहाजा सोमवार को उन्होंने भी मतदान किया.
एनडीए के सभी 202 विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया. जबकि महागठबंधन के 37 विधायक वोट में शामिल हुए.
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ. इनमें बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं.
मतदान शाम 5 बजे तक हुआ, नतीजे भी लगभग साफ हो चुके हैं.
बिहार में एनडीए ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं.
