रांची : झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग बुधवार को नई बिजली दरों (टैरिफ) का ऐलान कर दिया है. नये टैरिफ के मुताबिक झारखंड में घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणियों की दरों में बढ़ोतरी कर दी गयी है. जाहिर तौर पर आम घरेलू उपभोक्ता के अलावा व्यापार और उद्योग पर इसका सीधा असर पड़ेगा.
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ग्रामीण इलाकों में प्रति यूनिट दर पहले जहां 6.70 रुपये था उसे बढ़ाकर 7.20 रुपये प्रति यूनिट और शहरी उपभोक्ताओं के लिए यह 6.85 रुपये से बढ़कर 7.40 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है. एक अप्रैल से नया टैरिफ लागू होगा.
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली महंगी कर दी गयी है. 5 किलोवाट से अधिक लोड वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 6.20 की दर को बढ़ाकर 6.70 प्रति यूनिट और शहरी क्षेत्रों में यह 6.70 रुपये से बढ़ाकर 7.30 रुपये प्रति यूनिट तय कर दी गयी है.
संस्थागत श्रेणी और स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सेवाओं के लिए भी टैरिफ में बढ़ोतरी की गयी है. इससे नगर निकायों और सरकारी संस्थानों के खर्च में इजाफा होगा, जिसका अप्रत्यक्ष असर आम लोगों पर पड़ सकता है.
राहत वाली बात
हालांकि जेबीवीएनएल ने जहां 50-55 प्रतिशत टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, वहीं आयोग ने इसे घटाकर सिर्फ 6.12 प्रतिशत तक सीमित कर दिया है.
इस उपभोक्ताओं के लिए राहत माना जा रहा है. साथ ही, कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे किसानों को सीधा फायदा मिलेग. किसी भी श्रेणी के उपभोक्ता से अब मीटर रेंट नहीं लिया जाएग.
इसके अलावा, जो उपभोक्ता 5 दिनों के भीतर बिजली बिल का भुगतान करेंगे, उन्हें 2 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी.
