रांची: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यरत चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक सीबीआई को ठेकेदार अजय त्यागी ने लिखित शिकायत की थी कि उसका 8.50 लाख रुपये का बिल बकाया है. इस बिल के भुगतान के लिए चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर 50 हजार रुपये घूस मांग रहा है.
सीबीआइ ने इस शिकायत का सत्यापन किया और फिर मामला सही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआइ की इस कार्रवाई से रेलवे कार्यालय में हड़कंप है.
सीबीआइ की टीम सुबह में ही कार्यालय में धावा बोला. कमर्शियर इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने दस्तावेजों तथा रिकॉर्ड की पड़ताल की.
सीबीआइ अधिकारियों ने इस मामले में सीनियर डीसीएम सूची सिंह से भी पूछताछ शुरू की है.
जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घूस के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं.
