हजारीबाग: झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हुई हत्या की घटना का जायजा लेने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पहुंचे.
आशंका जतायी जा रही है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है. बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान मिले हैं.
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस ने एक एसआईटी भी गठित की है. जांच दल तफ्तीश में जुटी है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी कहा है कि अगर 24 घंटे के अंदर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो सोमवार को हजारीबाग बंद रहेगा.
राज्य भर के सभी जिला मुख्यालय में भी धरना दिया जाएगा. अगर फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरा झारखंड ठप कर दिया जाएगा.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, विधायक प्रदीप प्रसाद, रोशनलाल चौधरी. नागेंद्र महतो और अन्य नेता भी गांव पहुंचे थे.
प्रदेश अध्यक्ष और सांसद ने पीड़ित परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली. साथ ही अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस की जांच पर सवाल उठाये.
सांसद मनीष जायसवाल ने सोशल मीडिया के अपने फेसबुक अकाउंट पर कहा है कि रविवार तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को हजारीबाद बंद बुलाया जाएगा.
जायसवाल ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है.
सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा नेता साहू ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी उपायुक्त और एसपी मौके पर नहीं पहुंचे. एसडीपीओ सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए मौके पर हैं.
