बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से करीब नौ महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी की हत्या की गई थी. मधुटांड़ जंगल से पुलिस ने युवती का कंकाल बरामद किया है. इसके साथ ही मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
युवती की मां इन नौ महीने से थाना में बेटी की खोज करने के लिए गुहार लगाती रही. थक- हार कर उसने हाईकोर्ट की शरण ली. हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद पुलिस हरकत में आई. दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ में उसने बताया कि पुष्पा का उसने जंगल में हत्या कर दी थी.
दिनेश की निशानदेही पर मधुटांड़ जंगल से लड़की का कंकाल बरामद किया गया है. इधर बोकारो एसपी ने पिंडराजोर थाना के इंजार्ज समेत 28 पुलिसकर्मियों को एक साथ सस्पेंड कर दिया है.
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका पुष्पा कुमारी और आरोपी दिनेश महतो के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि पुष्पा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने हत्या की साजिश रची.
कॉलेज गई थी पुष्पा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन पुष्पा कुमारी चास कॉलेज में स्नातक में नामांकन के लिए पहुंची थी. पूर्व नियोजित योजना के तहत दिनेश महतो भी वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे कॉलेज के पीछे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान जंगल में ले गया. जहां उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया.
जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एसआईटी ने घटनास्थल से मृतका के कपड़े, बालों के अवशेष, हड्डियों के टुकड़े और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है. कंकाल और बाल तथा हड्डियों के अवशेष को जांच के लिए भेजा जा रहा है.
24 जुलाई 2025 को मां ने दिया था आवेदन
पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह की रहने वाली रेखा देवी के द्वारा उनकी पुत्री 18 वर्षीय पुष्पा के कथित अपहरण किए जाने का आवेदन 24 जुलाई 2025 को पिंड्राजोड़ा थाना में दिया गया था.
जबकि थाने की पुलिस उक्त कांड के अनुसंधान के दौरान अभियुक्त को बचाने की कोशिश की जाती रही.
इस मामले में पिंड्राजोड़ा थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के द्वारा कांड के खुलासा में अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया.
पुलिस द्वारा जारी रिलीज में यह भी बताया गया है कि जानकारी मिली है कि अभियुक्त को बचाने का थाना स्तर से प्रयास किया गया तथा पैसे के भी लेनदेन की भी बात निकलकर आई एवं अभियुक्त के साथ पार्टी भी किया गया.
इसी आलोक में पिंड्राजोरा थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों, आरक्षी, थाना प्रभारी 28 कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
सीआईडी की डीआईजी पहुंचीं
बाद में सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसके द्वारा 24 घंटे के अंदर कांड का खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया एवं उसकी निशानदेही पर युवती का शव, कंकाल की हड्डी, पहना हुआ कपड़ा एवं हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया गया.
इस मामले को लेकर हाई कोर्ट के द्वारा संज्ञान लिया गया था, जिसके बाद शनिवार को सीआईडी डीआईजी संध्या रानी मेहता ने पीड़िता रेखा देवी के घर जाकर इस संबंध में पूछताछ की थी.
इसके बाद आरोपी दिनेश महतो को पुलिस ने हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ में उसनें लड़की की हत्या करने की बात स्वीकार की.
