धनबादः कोयला नगरी धनबाद के सोनारडीह थाना क्षेत्र में जनता मजदूर संघ के नेता और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई है.
शुक्रवार की देर शाम हमलावरों ने 28 वर्षीय शुभम को तीन गोलियां मारी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए.
घायल हालत में शुभम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
गोलीबारी की खबर मिलते ही मेयर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अपने समर्थकों से घटना की जानकारी ली तथा पुलिस से अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा है.
वहीं उनके समर्थकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. मौके से चार खोखा पुलिस ने बरामद किया है. बाघमारा के डीएसपी ने शुभम के घर वालों से घटना की जानकारी ली है.
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस घटना के पीछे गैंगवार और कोयला का अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जतायी जा रही है. शुभम यादव का भी अपराध से नाता रहा है.
पुलिस के अनुसार, शुभम यादव पर अपराध के कम से दम आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, वह पहले जेल भी जा चुका है.
