रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग ने रविवार को हुई झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) को लेकर दो विषयों- ओड़िया और शिक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया है.
रांची और बोकारो को दो परीक्षा सेंटर में इन विषय के प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में नहीं पहुंचने से उत्पन्न विवाद के बाद आयोग ने यह कदम उठाया है.
गौरतलब है कि रविवार को संपन्न परीक्षा में रांची और बोकारो के एक-एक केंद्र पर दो विषयों ओड़िया और शिक्षा विषय के प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में नहीं पहुंचने पर परीक्षार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया था. जो प्रश्नपत्र पहुंचे थे, उनकी प्रिंटिंग ऐसी थी कि ठीक ढंग से प्रश्न पढ़े नहीं जा रहे थे.
मामला संज्ञान में आने के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग ने दोपहर बाद ही पूरे राज्य में दोनों विषयों की परीक्षा रद किए जाने की घोषणा की। अब इन दोनों विषयों की परीक्षा बाद में होगी.
इन दोनों विषयों की परीक्षा के संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से सूचना दी जाएगी.
इधर, यह परीक्षा अन्य केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हो गई. इस परीक्षा के लिए छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग तथा देवघर में कुल 430 केंद्र बनाए गए थे.
इस परीक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक नियुक्ति की पात्रता तय होगी तथा पीएचडी में नामांकन होगा.
राज्य में इससे पहले झारखंड पात्रता परीक्षा वर्ष 2007-08 में आयोजित हुई थी, जो काफी विवादित हुई थी.
घपले-घोटाले, परीक्षा कैलेंडर के फेल होने, प्रश्न पत्र और आंसर शीट में खामियों, परीक्षा संचालन में गड़बड़ियों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले आयोग के नाम पर यह नया करामात जुड़ा है.
