ट्रेजरी घोटाले के जद में कोल्हान प्रमंडल का पश्चिम सिंहभूम भी शामिल हो गया है. चाईबासा ट्रेजरी से पुलिस महकमा के खाते से कथित तौर पर लाखों की अवैध निकासी के मामलें एक सिपाही समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
इस बाबर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. मुख्य आरोपी सिपाही देव नारायण मुर्मू लेखा शाखा में कार्यरत है.
चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने सिपाही की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि जांच जारी है. और इसे लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
अन्य तीन लोग अवैध निकासी में सिपाही के सहयोगी रहे हैं.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने फर्जी बिल, नकली दस्तावेज और जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की निकासी की है.
सिपाही देव नारायण मुर्मू ने राशि का कुछ हिस्सा अपने परिजनों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया.
नियमित ऑडिट के दौरान खातों के मिलान में अनियमितता सामने आई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसकी सूचना उपायुक्त और एसपी को दे दी गई है, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई.
