हजारीबागः हजारीबाग जिले मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पौता कोनार नदी के पास जंगल से एक युवक और दो युवती के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी है.
पौता गांव से ये तीनों बीते 5 दिनों से लापता थे. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फेल गयी. और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
भीषण गर्मी के चलते तीनों शवों से दुर्गंंध उठ रहे थे. तथा शरीर भी फूल गया था.
जिन तीन लोगों की लाश मिली है उनमें पौता गांव की खुशी परवीन, मंडई (लोहसिंघना थाना क्षेत्र) की सानिया परवीन और कदकमदाग थाना क्षेत्र के सुलताना गांव के मो आदिल हुसैन हैं.
तीनों की उम्र 20 से 25 साल की है. आपस में ये रिश्तेदार थे. तीनों पिछले पांच दिनों से लापता थे, जिनकी तलाश परिजन लगातार कर रहे थे.
सानिया परवीन की ममेरी बहन खुशी परवीन का विवाह अगले महीने मई में होना तय हुआ था.
मृतक आदिल और सानिया परवीन का ननिहाल पौता गांव में है. पुलिस ने तीनों शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. साथ ही जांच के लिए एक टीम गठित की गई है.
जानकारी ये भी सामने आई है कि खुशी ने सानिया और आदिल को अपने गांव बुलाया था. तीनों गांव में ही आम तोड़ने निकले. और उसके बाद लापता हो गए. परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी.
परिजनों में आक्रोश
परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. उनका आरोप है कि तीनों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है.
घटना से नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीण शव को लेकर झंडा चौक पर जाम कर दिया. जिससे यातायात भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ.
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी हो.
