रांचीः हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल ने बहुप्रतीक्षित ‘शिक्षक पात्रता नियमावली ( जेटेट) 2026 को अपनी स्वीकृति दे दी है. इस नियामवली में भोजपुरी, अंगिका और मगही भाषा को परीक्षा की सूची से बाहर ही रखा गया है.
गौरतलब है कि पिछली कैबिनेट की बैठक में भोजपुरी, अंगिका और मगही भाषा को नियमावली में शामिल करने पर मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और राधाकृष्ण किशोर ने आपत्ति जतायी थी.
कांग्रेस कोटा के दोनों मंत्रियों ने कहा था कि नियमावली में भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषा को शामिल नहीं किये जाने से अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं होगा. इसलिए कि पलामू में भोजपुरी और मगही बोली जाती है. तथा संताल परगना के गोड्डा इलाके में अंगिका भाषा प्रचलित में है.
राधाकृष्ण किशोर पलमू और दीपिका गोड्डा क्षेत्र से आती हैं. दोनों मंत्रियों की आपत्ति के बाद पिछली बैठक में प्रस्ताव को टाल दिया गया था. लेकिन मंगलवार को हुई बैठक में प्रस्ताव को पूर्ववत स्वीकृति दी गई है.
15 प्रस्तावों पर मंजूरी
कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बैठक के बाद प्रस ब्रीफिंग में बताया है कि कैबिनेट की बैठक में कुल 15 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है.
राजधानी रांची में ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने दो नए फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दी है. पहला फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक से हरमू के काव रेस्टोरेंट्स (डिबडीह ब्रिज) तक बनेगा, जिसकी लागत कुल 469 करोड़ रुपये होगी. वहीं, दूसरा फ्लाईओवर करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनाया जाएगा, जिस पर 351 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
मारंग गोमके योजना का विस्तार
एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव के तहत मारंग गोमके छात्रवृत्ति योजना के तहत अब 50 छात्रों को विदेश में पढ़ाई की सुविधा प्रदान की जाएगी.
इसमें एसटी वर्ग के 20, एससी के 10, ओबीसी के 14 और अल्पसंख्यक वर्ग के 6 छात्र शामिल होंगे.
बंशीधर नगर उंटारी
इसके अलावा, गढ़वा जिले के ‘बंशीधर नगर’ का नाम बदलकर अब आधिकारिक तौर पर ‘बंशीधर नगर उंटारी’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.
इनके अलावा राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) को बढ़ावा देने के लिए गूगल (Google) के साथ एमओयू करने की मंजूरी दी गई है.
पलामू के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में ‘इनोवेशन एंड इंक्यूवेशन सेंटर’ की स्थापना के लिए 22.97 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
