रांचीः जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्रा कुमारी आराध्या राय झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद (JCSTI) द्वारा आयोजित ‘लोगो (प्रतीक चिन्ह) डिजाइन’ प्रतियोगिता में विजेता बनी है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा है कि यह डिजाइन न केवल आकर्षक है, बल्कि झारखंड के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के व्यापक दृष्टिकोण को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक सोच और नवाचार राज्य के युवाओं में छिपी अपार संभावनाओं को दर्शाता है.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है. ऐसे प्रयासों से राज्य में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकेंगे.
लोगो की डिजाइन
गौरतलब है कि कुमारी आराध्या राय ने अपने अभिनव और रचनात्मक डिजाइन के माध्यम से झारखंड काउंसिल ऑन साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन (JCSTI) के लिए नया प्रतीक चिन्ह तैयार किया, जिसे प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया. उनके डिजाइन में आधुनिकता और परंपरा का संतुलन देखने को मिलता है, जो झारखंड की वैज्ञानिक सोच और प्रगति को दर्शाता है.
