गोड्डाः झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में संचालित अस्पताल सनलाइफ हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान एक आदिम जनजाति महिला की मौत के बाद क्लीनिक को सील कर दिया है.
गोड्डा के सिविल सार्जन ने यह कार्रवाई की है. महिला के नवजात को सदर अस्पताल में देख-रेख के लिए भर्ती कराया गया है.
मंगलवार की रात आदिम जनजाति पहाड़िया महिला मीरा मालतो को उस क्लीनिक में भर्ती कराया गया था. आरोप है कि लापरवाही से ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत हो गई.
मालतो की मौत के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया.
यह इलाका झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के तहत आता है.
सुबह में आक्रोशित आदिवासियों ने अस्पताल को घेर लिया और चिकित्सक को सामने लाने की मांग करने लगे.
प्रशासन हरकत में आया
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोड्डा के डीसी ने जांच के निर्देश के साथ पीड़ित परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पारिवारिक लाभ देने को कहा है.
जानकारी के बीआरीजोर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
