चाईबासाः पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवक पर तीर-धनुष से ताबड़तोड़ हमले की घटना सामने आई है. इस हमले में तीन तीर युवक के शरीर में जा धंसे हैं.
घायल चोया बिरूली की हालत नाजुक है और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. शरीर में तीर धंसने से काफी मात्रा में खून बह गया है.
सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम शरीर में फंसे तीर को निकालने में जुटी हुई है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
दनादन 20 तीर चलाए
हमलावर ने ग्रामीण चोया बिरूली पर एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए, जिनमें से तीन तीर उसके शरीर में जा धंसे.
जानकारी के अनुसार, झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव निवासी 45 वर्षीय चोया बिरूली शनिवार को अपने गांव से सब्जी लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा थे.
इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी और हमले का आरोपी दोपे बिरूली ने उन पर तीर से हमला कर दिया.
आरोपी ने लगातार करीब 20 तीर चलाए, जिनमें से तीन तीर चोया बिरूली के शरीर में जा लगे. घायल हालत में चोया सड़क किनारे गिर पड़े. रास्ते से गुजरते ग्रामीणों ने उसकी हालत देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. झींकपानी थाने की पुलिस ने घायल चोया को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. साथ ही घटना की जांच में जुटी है.
पुलिस का कहना है कि अभी यह पता नहीं चला है कि किन वजहों से आरोपी ने हमला किया है. गिरफ्तारी के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
