शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है.
कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी तथा एनडीए के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली.
इस समारोह में बड़ी तादाद में बीजेपी के कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हैं. राज्य में पहली बीजेपी सरकार बनी है, जिसकी अगुवाई शुभेंदु करेंगे. साथ ही वे पश्चिम बंगाल के 9वें सीएम बने हैं.
इससे शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के नेता अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया.
इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया.
चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की.
ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को 80 विधानसभा सीटों पर ही जीत मिली. वो पिछले 15 सालों से राज्य की मुख्यमंत्री थीं. जबकि विधानसभा में शुभेंदु अधिकारी नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे.
शुभेंदु अधिकारी ने इस बार विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर से जीत दर्ज की है. भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया है.
पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ
शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पांच मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है. इनमें दिलीप घोष,अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु, निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं.
कैबिनेट में शामिल पांच मंत्रियों के जरिए भाजपा ने संगठन, महिला नेतृत्व, मतुआ, आदिवासी और उत्तर बंगाल के सामाजिक संतुलन को साधने की कोशिश की है.
