रांचीः रांची पुलिस ने कटहल मोड़ निवासी तथा छड़- सीमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहू पर जानलेवा हमला करने और चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर अभिषेक सिन्हा को कोलकाता से गिरफ्तार किया है.
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी तथा प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर ने प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी है कि सीमेंट कारोबारी को जान से मारने के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी का सौदा किया गया था.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तथा कांके थाना क्षेत्र के एक होटल में 26.3.2025 को जमीन विवाद में अनिल महतो उर्फ अनिल टाईगर की हत्या के केस में भी अभिषेक वांक्षित था. अनिल टाइगर हत्याकांड में पहले भी पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
सीमेंट व्यापारी पर हमला
अभिषेक सिन्हा ऊर्फ सूरज सिन्हा किशोरगंज का रहने वाला है. उसके खिलाफ पहले से रांची के कांके, नामकुम, बोकारो जीआरपी और हजारीबाग में अपराध के मामले दर्ज हैं.
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूछताछ में अभियुक्त ने बताया है कि 20 लाख रुपये की सुपारी के लिए ही सीमेंट व्यवसायी पर जानलेवा हमला किया गया था.
15 अक्टूबर को कटहल मोड़ के पास स्थित शांभवी इंटरप्राईजेज के मालिक राधेश्याम साहु को उनकी दुकान के पास ही दो अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा अंधाधुन कई राऊंड गोली फायर कर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें राधेश्याम साहु गंभीर रूप से घायल हो गये थे.
इस संबंध में नगड़ी थाना कांड सं0-160/25 दिनांक-15.10.2025 धारा-109 (1/61 (2)/3 (5) बी0एन0एस0 एवं 27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया. इसके बाद एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने एक एसआईटी गठित की थी.
अभिषेक सिन्हा फरार चल रहा था. और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस को उसके कोलकाता में रहने की जानकारी मिली, जहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया. सीमेंट व्यापारी पर हमले के मामले में पहले भी दो अपराधी पकड़े गए हैं.
