गिरिडीह: दो दिनों से लापता 11वीं कक्षा की एक छात्रा की लाश मुफ्फसिल थाना इलाके के बरगंडा पुराना पुल के पास उसरी नदी में मिलने से सनसनी फैल गई है.
छात्रा की पहचान पायल कुमारी (पिता जागेश्वर दास) के रूप में हुई है. मुफ्फसिल थाना इलाके के वार्ड नंबर 12 ( सिरसिया ) की रहने वाली पायल पढ़ाई के साथ सिलाई का प्रशिक्षण लेती थी. इसके अलावा खुद के खर्चे जुटाने के लिए बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का भी काम करती थी.
पुल के नीचे छात्रा की लाश की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. स्थानीय लोगों ने पहचान के बाद लड़की के घरवालों और पुलिस को सूचित किया.
शव मिलने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और पायल की शिनाख्त की. पायल की लाश मिलने पर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस पायल के मोबाइल का कॉल डिटेल निकालने के अलावा अन्य बिंदुओं पर जांच में जुटी है.
ट्यूशन के बाद घर नहीं लौटी छात्रा
घटना को लेकर मृतका का चचेरे भाई पिंटू कुमार दास ने बताया कि उसकी बहन पढ़ाई के साथ बच्चों को पढ़ाती भी थी. हर रोज वह सुबह निकलती थी और दोपहर 2 बजे तक घर वापस आ जाती थी.
सोमवार को दो बजे तक नहीं लौटने पर पायल की मां ने फोन किया, तो उसने बताया कि तो सिलाई करने के बाद वह निकल रही है. 10 मिनट में घर आ जाएगी. 10 मिनट में नहीं लौटी तो दोपहर तीन बजे फिर से फोन लगाया गया लेकिन इस बार मोबाइल बंद मिला. ऐसे में अपने स्तर से खोजबीन शुरू की गई लेकिन कुछ भी पता नहीं चला. फिर देर शाम को पुलिस को सूचित किया गया.
खूंटी में पहाड़ के नीचे
गौरतलब है कि झारखंड के खूंटी में सोमवार की सुब एक नाबालिग लड़के और लड़की की लाश पहाड़ की तलहटी से बरामद की गई है.
पुलिस जांच में जुटी है. दोनों की हत्या के बाद लाश को मारंगबुरू पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया गया था.
दोनों जिवरी गांव के रहने वाले हैं. उनकी पहचान बिसु पाहन (16) और सुमी मंडू (17) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक रविवार की रात सोयको गांव में छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. दोनों एक साथ छऊ नृत्य देखने गए थे. इसके बाद उनकी लाश मिली.
बोकारो में कंकाल
पिछले महीने बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से करीब नौ महीने पहले लापता हुई कॉलेज की एक छात्रा पुष्पा कुमारी का कंकाल पुलिस ने मधुटांड़ जंगल से बरामद किया था. पुष्पा की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
झारखंड हाईकोर्ट ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है. कोर्ट ने पुलिस के आला अधिकारियों से पूछा था कि नौ महीने तक लड़की की खोज के लिए क्या प्रयास किए गए थे.
इसी मामले में पिंडराजोरा थाने के प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मियों को एक साथ सस्पेंड कर दिया गया था.
हजारीबाग में बच्ची की बलि
पिछले मार्च महीने में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत कुसुंभा गांव में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हुई हत्या की घटना का पुलिस ने जो खुलासा किया था, वह रूह हिला देने वाला रहा.
तंत्र- मंत्र के चक्कर में बच्ची की बलि दी गई थी. इस घटना में पुलिस ने बच्ची की मां और तंत्र-मंत्र करने वाली गांव की एक अन्य महिला और एक पुरूष को गिरफ्तार किया है.
दुषकर्म की बढ़ती घटनाएं
नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुषकर्म की हालिया कई घटनाएं सुर्खियों में रही हैं. आदिवासी इलाके में हाट- बाजार, मेले से लौटती लड़कियों के साथ दुषकर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. कई मामलों में लड़की की हत्या कर दी जाती है.
