रांचीः होटल और रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े रांची के अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई है.
लव की उम्र 39 वर्ष थी और वे जाने-माने कारोबारी आशीष भाटिया के पुत्र थे.
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा है कि लव भाटिया की मौत विषाक्त पदार्थ खाने से हुई है. घटना स्थल से पुलिस को सल्फास मिला है.
शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार हरमू मुक्ति धाम में किया गया है. इससे पहले गुरुवार की शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. उनकी मौत से परिजन सदमे में हैं. और व्यापार जगत में शोक है.
खबरों के मुताबिक गुरुवार को लव भाटिया सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट में थे. इस रेस्टोरेंट का संचालन वही करते थे. दोपहर में रेस्टोरेंट में ही उनके सल्फास खाने की बात सामने आ रही है. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पीपी कंपाउट स्थित घर पर लाया गया. इसके बाद ऑर्किड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका.
पुलिस और एफएसएल की टीम ने कावेरी रेस्टोरेंट पहुंचकर घटना की तहकीकात की है.
2009 में अपहरण हुआ था.
साल 2009 में अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया के एक हाई-प्रोफाइल अपहरण की घटना भी पूर्व में सुर्खियों में रही है. उस दौरान वे मेन रोड स्थित अपनी दुकान ‘पंजाब स्वीट्स’ को रात में बंद कर अपने घर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते से हथियार के बल पर अपराधियों ने उन्हें अगवा कर लिया था. रांची पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद अपराधियों के चंगुल से लव भाटिया को सकुशल मुक्त कराया था.
