जामताड़ाऋ जामताड़ा पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधियों का नेटवर्क बड़ा है.
एसपी एसपी शंभु कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया है कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी कर करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गांव मट्टांड़ स्थित विष्णु मंडल के घर पर छापेमारी के दौरान दो अपराधियों को साइबर ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. वहीं सियाटॉड और झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया. दूसरी ओर नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में किशोर दास के घर पर छापेमारी कर दो अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
एसपी ने बताया है कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देते थे. इसके बाद वे लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर फोनपे और गूगल पे के माध्यम से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे. इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर भी लोगों को ठगते थे.
