रांचीः झारखंड के लातेहार जिले की पुलिस ने जेजेएमपी के सबजोनल कमांडर और पांच लाख रुपये के इनामी उग्रवादी शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने उसे शुक्रवार रात सदर थाना क्षेत्र से पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर जेजेएमपी के एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी.
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का सक्रिय सबजोनल कमांडर शिवा सिंह अपने दस्ते के साथ सदर थाना क्षेत्र में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है.
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी कर शिवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने जब उससे पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर सदर थाना क्षेत्र के सिमरियाटाड़ तुपुखुर्द इलाके से जेजेएमपी के एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव को भी गिरफ्तार किया गया.
चार जिलों में दर्ज हैं 24 मामले
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी शिवा सिंह लंबे समय से जेजेएमपी संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था. उसके खिलाफ लातेहार समेत चतरा, पलामू और रांची जिले के विभिन्न थानों में कुल 24 मामले दर्ज हैं. इन मामलों में रंगदारी, धमकी, उग्रवादी गतिविधियां और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं.
वहीं गिरफ्तार एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव के खिलाफ लातेहार जिले में दो मामले दर्ज बताए गए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी से जेजेएमपी संगठन को बड़ा झटका लगा है.
लगभग खत्म होने की कगार पर
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि शिवा सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले में जेजेएमपी संगठन लगभग समाप्ति की ओर पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि लगातार चलाए जा रहे उग्रवाद विरोधी अभियानों के कारण संगठन कमजोर पड़ चुका है.
