सिमडेगाः महाराष्ट्र की नागपुर ग्रामीण पुलिस और सिमडेगा पुलिस ने एक संयुक्त और गोपनीय कार्रवाई के तहत 23 लाख रुपये कैश के साथ बड़ी मात्रा में अफीम बरामद की है.
अफीम की कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है.
जानकारी की मुताबिक 33.767 किलोग्राम अफीम के साथ वजन मशीन और अन्य सामान भी होटल से जब्त किया गया है.
बुधवार को महाराष्ट्र की पुलिस टीम ने सिमडेगा शहर के ‘अंतरा होटल’ में अचानक छापेमारी की. इस हाई-प्रोफाइल रेड के दौरान टीम ने होटल के कई कमरों को खंगाला.
एक ट्रक ड्राइवर ने उगला राज
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि 20 मई को, जब नागपुर पुलिस ने हाइवे पर पेट्रोलिंग के दौरान एक ट्रक ड्राइवर के पास से 237 ग्राम अफीम पुलिस को मिली थी. पुलिस ने अफीम के रैकेट की जानकारी ली, तो उसने बताया कि इस धंधे का हेडक्वार्टर सिमडेगा का ‘होटल अंतरा’ है.
कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए नागपुर की स्पेशल एनडीपीएस (NDPS) टीम 24 मई को गुपचुप तरीके से सिमडेगा पहुंच गई. सिमडेगा और ठेठईटांगर पुलिस को साथ लेकर जाल बिछाया गया. पुलिस ने होटल अंतरा के संचालक मनीष कुमार (46 वर्ष). पुलिस जब मनीष के भंडारटोली (ठेठईटांगर) स्थित घर में घुसी, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई. घर के भीतर नोटों की गड्डियां और अफीम का अंबार लगा था.
पुलिस ने वहां से शुद्ध अफीम (33.767 किलो), 23.35 लाख रुपये के अलावा अफीम तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पैकिंग का सामान बरामद किया.
जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अफीम और भारी कैश बरामद होने के बाद जांच अधिकारियों ने होटल संचालक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की.
जब होटल प्रबंधन और संचालक की ओर से इस अवैध मादक पदार्थ और मोटी नकदी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो NDPS Act के तहत कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर होटल मालिक को गिरफ्तार किया गया.
हालांकि आधिकारिक तौर पर महाराष्ट्र की टीम ने इस कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है.
इस बड़ी बरामदगी और होटल संचालक के पकड़े जाने के बाद अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है. सिमडेगा शहर में भी रेड को लेकर चर्चा जोरों पर है.
चतरा में भी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि दो दिनों पहले 25 मई को झारखंड में चतरा जिले की पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के सिंडिकेट के खिलाफ की गई दो अलग-अलग कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 1 लाख रुपये मूल्य की अफीम, डोडा और पोस्ता दाना जब्त किया है.
इन अभियानों में गिरोह के मुख्य सरगना (मास्टरमाइंड) समेत तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जबकि पांच अन्य आरोपी भागने में सफल रहे.
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन दोनों ऑपरेशनों की विस्तृत जानकारी दी थी.
