रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गायब दो बच्चों को पुलिस ने ढूंढ निकाला है. पुलिस ने दोनों बच्चे उनके पिता को सकुशल सौंप दिया है.
पटेल नगर सेक्टर वन, पानी टंकी के पास किराये के मकान में रहने वाले चिरंजीव महतो की 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी और छह वर्षीय बेटा ध्रुवाश महतो सोमवार की दोपहर अचानक घर से लापता हो गए थे.
जो तथ्य सामने आए हैं उसके मुताबिक बच्चों को मां ने धूप में खेलने से मना किया, तो घर से वे भाग निकले थे. इसके बाद बच्चों के पिता ने अपने स्तर से बच्चों को तलाशा. नहीं मिलने पर पुलिस को जानकारी दी.
सोशल मीडिया में भी लापता बच्चों के बारे में तस्वीरें तैरने लगी. पुलिस ने से गंभीरता से लिया. तत्काल तकनीकी आधार पर जांच शुरू की गई. रांची के सिटी एसपी पारस राणा लगातार जांच की मॉनिटरिंग करते रहे.
पुलिस की टीम ने कई जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला. दो दिनों के अंदर ही दोनों बच्चों को पुलिस ने टुपुदाना इलाके से ढूंढ निकाला.
तीन दिनों तक चंगाई सभा में रहे बच्चे
पूछताछ में रोशनी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के डांटने से नाराज थी. उसे चांद गांव में लगने वाली चंगाई सभा का रास्ता याद था, क्योंकि उसकी मां वहां अक्सर जाती थी.
इसी वजह से वह अपने छोटे भाई को लेकर पैदल ही घर से निकल गई. दोनों बच्चे बिरसा चौक से खूंटी रोड की ओर पैदल चलते रहे.
रास्ते में जहां प्यास लगी वहां पानी पी लिया और होटल के आसपास खड़े रहने पर किसी ने कुछ खाने को दिया तो खा लिया। धीरे-धीरे चलते हुए दोनों शाम तक चांद गांव पहुंच गए.
वहां चंगाई सभा में खाना खाने के बाद दोनों भाई-बहन रात में टेंट के पास ही सो गए. अगले दिन भी दोनों वहीं रहे, खाना खाते और आसपास खेलते रहे। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लगी रहती थी, इसलिए किसी को उन पर विशेष संदेह नहीं हुआ.
रांची पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की देखरेख को लेकर सचेत तथा सतर्क रहें. किसी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
इसके साथ ही एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थानों को निर्देश दे रखा है कि बच्चों के लापता अथवा गायब होने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई शुरू करें. इसके लिए तकनीकी तथा वैज्ञानिक आधार पर जांच को केंद्र में रखने को कहा गया है.
हालांकि रांची पुलिस के लिए फिलहाल कोकर के खोरहाटोली से गायब डेढ़ साल की अदिति का पता लगाने की चुनौती कायम है. अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस की कई टीम अनुसंधान में जुटी है.
खरसीदाग में एक बच्ची मिली
इधर जिले के खरसीदाग ओपी क्षेत्र में एक बच्ची पुलिस को भटकती हाल में मिली है. उसने अपना नाम अंशिका बताया.
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षा में ले लिया इसके बाद पुलिस ने बच्ची के घर वालों को भी खोज निकाला है.
अश्विन आनंद दिल्ली में मिला
बरियातू इलाके से तीन दिनों पहले लापता 15 साल के अश्विन आनंद को भी रांची पुलिस ने खोज निकाला है. रांची पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है.
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित ऑनलाइन गेम की लत की वजह से पैसे हार जाने के बाद तनाव में यह किशोर घर से निकल गया था.
काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत दी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पता करना शुरू किया.
जांच के दौरान पुलिस को किशोर के दिल्ली में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे सुरक्षित वापस रांची लाया गया है.
